कोरबा प्रेस क्लब स्थापना दिवस पर संगोष्ठी सम्पन्न, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने वरिष्ठ पत्रकारों का किया सम्मान

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार 31 मार्च 2026 को तिलक भवन में भव्य संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता के विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने वरिष्ठ पत्रकारों को साल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात कोरबा प्रेस क्लब के पूर्व संरक्षक प्रेमचंद जैन ने कोरबा प्रेस क्लब के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए पांच दशक पहले की पत्रकारिता के दौर को याद किया। उन्होंने कहा कि पहले अधिकारियों के साथ मधुर संबंध रहते थे, लेकिन निष्पक्ष पत्रकारिता से कभी समझौता नहीं किया जाता था।

पूर्व अध्यक्ष किशोर शर्मा ने अपने 50 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले खबरों की महत्ता अधिक थी और पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी अपने उसूलों से समझौता नहीं करते थे। वरिष्ठ सदस्य विश्वनाथ केडिया ने कोरबा के विकास में पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं पूर्व अध्यक्ष छेदीलाल अग्रवाल ने प्रेस क्लब के पंजीयन से लेकर पुराने पत्रकारिता दौर की जानकारी दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र पालीवाल, विजय खेत्रपाल एवं पूर्व अध्यक्ष नौशाद खान ने भी पुराने और वर्तमान पत्रकारिता के अंतर पर अपने विचार रखे। दैनिक भास्कर के क्लस्टर एडिटर अमित पुरोहित ने डिजिटल एवं न्यू मीडिया के बढ़ते प्रभाव और वर्तमान पत्रकारिता की चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रेस क्लब के संरक्षक मनोज शर्मा तथा महिला पत्रकार राजश्री गुप्ते ने भी पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

  अल्लू अर्जुन पर हुआ जानलेवा हमला, पत्थरबाजी से घर छोड़कर बच्चों के साथ भागे 'पुष्पाभाऊ', 8 आरोपी गिरफ्तार...

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने कोरबा प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकारों का साल व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

बॉक्स:

तिलक भवन में एलईडी प्रोजेक्टर सहित विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में एलईडी प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी, साउंड सिस्टम व स्क्रीन स्थापना कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही वार्ड क्रमांक 35 खरमोरा स्थित पत्रकार कॉलोनी के समीप एनटीपीसी के सीएसआर मद से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल का वर्चुअल भूमिपूजन भी किया गया।

अपने संबोधन में उद्योग मंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो समाज को सच का आईना दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्भीक पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। साथ ही उन्होंने प्रेस क्लब को एक ऊर्जावान संस्था बताते हुए इसके विकास में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.