CG रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख का सम्मान, आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति का ऐलान

रायपुर, 3 अगस्त। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव है और वह प्रदेश की बेटियों तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार को अपनी इस बेटी पर गर्व है। खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने की इसी भावना से सरकार ने उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया है, ताकि अन्य खिलाड़ी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

  कोरबा: पाली CHC में इलाज में देरी पर भारी हंगामा, महिला स्टाफ से बदसलूकी का आरोप, अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज

उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं दी थीं और पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से भी बधाई दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व और उत्सव का क्षण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.