Mungeli News:- होली पर कुत्ते के साथ क्रूरता कर वीडियो बनाया, सोशल मीडिया में वायरल होते ही पुलिस ने दबोचा आरोपी को


Mungeli News:- होली के दौरान एक कुत्ते के साथ मारपीट और रंग-गुलाल डालकर प्रताड़ित करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।

Mungeli मुंगेली। होली पर्व के दौरान बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धनियाडोली निवासी आकाश साहू (20 वर्ष) ने चौकी डिंडौरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मार्च को होली के दौरान कुछ युवकों ने एक कुत्ते को कपड़ा पहनाकर उस पर रंग-गुलाल और कलर स्प्रे डाला। आरोप है कि जानवर की आंख और मुंह में रंग डालने के साथ ही डंडे, हाथ और मुक्कों से मारपीट कर उसके साथ क्रूरता की गई।

बताया गया कि इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया, जो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तरुण कुमार साहू, लक्ष्मण साहू और प्रकाश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और एसडीओपी लोरमी हरविंदर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान तरुण कुमार साहू (20 वर्ष) और लक्ष्मण साहू (22 वर्ष) निवासी धनियाडोली को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांति भंग होने की आशंका के आधार पर बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत इस्तगासा कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

पूरी कार्रवाई में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, चौकी डिंडौरी प्रभारी मनकराम धुव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.