Janjgir Teacher News:– बच्चों से सीमेंट–गिट्टी का मसाला बनवाने वाले प्रधान पाठक की वेतन वृद्धि पर लगी रोक, वहीं शराबी शिक्षक को किया गया निलंबित

Janjgir Teacher News:– स्कूली बच्चों से सीमेंट–गिट्टी का मसाला बनवाने वाले प्रधान पाठक की वेतन वृद्धि रोक दी गई है। इस संबंध में वीडियो वायरल होने पर कलेक्टर ने नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी तरह, शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर हंगामा करने और शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने वाले शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

Janjgir जांजगीर।
बम्हनीडीह विकासखंड के प्राथमिक शाला डभराखुर्द में पदस्थ प्रधान पाठक पितांबर कुर्रे का वीडियो सामने आया था। इसमें वे बच्चों से सीमेंट–गिट्टी का मसाला तैयार करवाते दिखे। प्रधान पाठक ने सफाई में कहा कि टंकी की मरम्मत के लिए बच्चों से यह कार्य कराया गया। वीडियो वायरल होने पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नोटिस का जवाब देते हुए प्रधान पाठक ने अपनी गलती स्वीकार की और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी गलती दोहराई नहीं जाएगी। चूंकि उनका आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन पाया गया, इसलिए उनकी एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई। साथ ही भविष्य के लिए चेतावनी जारी की गई है।

  निकाय चुनाव से पहले पुलिस अधिकारियों का तबादला, देखें लिस्ट...

शराबी शिक्षक का निलंबन


नवागढ़ विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उदयभांठा में शिक्षक एलबी अनिल टंडन पदस्थ हैं। 21 अगस्त को वे सुबह 11:30 बजे शराब पीकर स्कूल पहुंचे और अलग–अलग कक्षाओं में जाकर बच्चों से अनुचित बातें करने लगे। इस दौरान उनकी हरकतों से न केवल बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई बल्कि शासकीय कार्य में भी अव्यवस्था उत्पन्न हुई।

शिक्षक ने ग्रामीणों, पालकों और पंचायत प्रतिनिधियों से भी अभद्र व्यवहार किया। शिकायत पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उनके निलंबन का प्रस्ताव बनाने के आदेश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट और संयुक्त संचालक शिक्षा, संभाग बिलासपुर के आदेश के आधार पर अनिल टंडन को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी नवागढ़ का कार्यालय तय किया गया है।