Janjgir-Champa Police News: रक्षा बंधन पर पुलिस की पहल – ‘‘एक हेलमेट भाई के नाम’’, ऑपरेशन उपहार के तहत 1000 हेलमेट मुफ्त बांटे जाएंगे

सड़कें रोज़ चलने के लिए होती हैं, लेकिन कई बार वही सड़कें किसी के जीवन की अंतिम यात्रा बन जाती हैं — सिर्फ एक छोटी-सी लापरवाही की वजह से। हेलमेट, जो दोपहिया सवार के लिए सुरक्षा की सबसे पहली ढाल है, उसके अभाव में हजारों जानें हर साल चली जाती हैं।

जांजगीर–चांपा। रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर जांजगीर–चांपा पुलिस ने एक अनोखी पहल करते हुए दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए ‘‘एक हेलमेट भाई के नाम’’ अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में चल रहे ‘‘ऑपरेशन उपहार’’ के तहत जिलेभर के थाना–चौकी क्षेत्रों में 08 अगस्त 2025 को कुल 1000 हेलमेट निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।

सड़क दुर्घटनाओं में 70% मौतें दोपहिया चालकों की

जिले में सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह सामने आया है कि लगभग 70% मौतें दोपहिया वाहन चालकों की होती हैं। इनमें से 35-40% जानें सिर्फ इसलिए बचाई जा सकती थीं यदि हेलमेट का उपयोग किया गया होता। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए जांजगीर पुलिस ने यह जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है।

अभियान का उद्देश्य

इस अभियान के तहत पुलिस लोगों को यह संदेश देना चाहती है कि जैसे हम जन्मदिन, शादी, वर्षगांठ या सामाजिक आयोजनों में उपहार देते हैं, वैसे ही किसी को हेलमेट गिफ्ट करके उनके जीवन की सुरक्षा का उपहार दें।

  एसडीएम कंपनी का दलाल’ बताने वाला भाजयुमो नेता गिरफ्तार फेसबुक पोस्ट वायरल होते ही पुलिस ने कार्रवाई की, भेजा गया रिमांड पर

यह सिर्फ एक सामान नहीं, जीवन रक्षक उपहार है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को हेलमेट के प्रयोग और सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना है।

08 अगस्त को जिलेभर में वितरण कार्यक्रम

‘‘ऑपरेशन उपहार’’ के अंतर्गत 08 अगस्त 2025 को जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एकसाथ हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। जनसहयोग से एकत्रित कुल 1000 हेलमेट ज़रूरतमंद दोपहिया चालकों को बांटे जाएंगे।

यातायात पुलिस की अपील:•

वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें।

मोबाइल फोन का प्रयोग ड्राइविंग के दौरान न करें।
नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें।
नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें।
अपने वाहन के दस्तावेज हमेशा अद्यतन रखें।

जन सहयोग से मिली मजबूती

इस अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता, व्यावसायिक संगठन, उद्योगिक समूह, और व्यापारीगण आगे आए हैं और उन्होंने जांजगीर पुलिस को हेलमेट दान स्वरूप प्रदान किए हैं। पुलिस इन हेलमेटों को जनहित में उन लोगों को दे रही है जो आर्थिक कारणों से हेलमेट नहीं खरीद पा रहे थे।