छत्तीसगढ़ को 33,700 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी का किया स्वागत

छत्तीसगढ़ को 33,700 करोड़ की सौगात

रायपुर, 30 मार्च 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू नववर्ष के शुभारंभ के अवसर पर छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर विकास की नई रोशनी फैली है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की बहुआयामी परियोजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया।

जनकल्याण और अधोसंरचना में ऐतिहासिक पहल

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई परियोजनाएं रेल, सड़क, ऊर्जा, ईंधन, आवास और शिक्षा से जुड़ी हैं। ये योजनाएं न केवल नागरिकों के जीवन में खुशहाली और सुविधा लाएंगी, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ की नींव भी मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गारंटी पर भरोसा करते हुए राज्य की जनता ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में डबल इंजन सरकार बनाई, और अब स्थानीय निकाय चुनावों में तीसरा इंजन भी जुड़ गया है।

2047 के विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ इस लक्ष्य को पूरा करने में ऊर्जा, खनिज और कृषि क्षेत्रों में राष्ट्रीय आवश्यकताओं की पूर्ति के माध्यम से योगदान देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से अंतिम छोर तक लाभ पहुंचा है। साथ ही, रेल, सड़क, एयर कनेक्टिविटी और डिजिटल नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार हुआ है।

  CG News:– होटल के कमरे में प्रेमी–प्रेमिका ठहरे थे, प्रेमिका की संदिग्ध हालात में मिली लाश, प्रेमी फरार

आदिवासी विकास में विशेष योगदान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी अभियानों जैसे जन-मन, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन से छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों को नई दिशा और दशा मिली है। भारत अब दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने अयोध्या में श्रीरामलला के भव्य मंदिर निर्माण और प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन को भारत की सांस्कृतिक भव्यता का प्रतीक बताया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब-जब छत्तीसगढ़ के विकास के लिए राज्य सरकार ने मांग रखी, तब-तब प्रधानमंत्री ने अपेक्षा से अधिक योगदान दिया। इसके लिए पूरा प्रदेश उनका हृदय से आभारी रहेगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.