
कोरबा। जिले के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान सुरेंद्र राठौर के रूप में हुई है, जो शक्ति जिले के केसला गांव का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र राठौर को दो दिन पहले नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और केंद्र के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का कहना है कि केंद्र में भर्ती के दौरान युवक की ठीक से देखभाल नहीं की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply