नियमों की अनदेखी पर एक साथ कार्रवाई, 40 पुलिसकर्मियों की टीमों ने 49 रिसॉर्ट्स में दी दबिश

जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से राजनांदगांव जिला पुलिस ने मनगटा क्षेत्र में स्थित रिसॉर्ट्स पर एक साथ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। एक ही समय में कई टीमों की कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।

यह समन्वित कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। अभियान के तहत 40 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने करीब 49 रिसॉर्ट्स में एक साथ दबिश दी, जिससे अवैध गतिविधियों की गहन जांच संभव हो सकी।

छापेमारी के दौरान रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट एवं विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में नियमों के विपरीत शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर मौजूद शराब पीने वालों को समझाइश दी गई, जबकि संबंधित रिसॉर्ट संचालकों एवं प्रबंधकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त ग्राम मनगटा स्थित वन चेतना केंद्र के सामने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे की हालत में पाए गए एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

  CG Crime News:– जब एम्बुलेंस ही चोरी का औज़ार बन जाए, अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार, 17.30 लाख की बरामदगी

अभियान के दौरान सभी रिसॉर्ट संचालकों को विधिवत नोटिस तामील कराए गए, जिनमें भारतीय न्याय संहिता एवं आबकारी कानूनों के अंतर्गत लागू नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस की यह संगठित, त्वरित और निर्णायक कार्रवाई कानून के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.