होली को लेकर सूरजपुर पुलिस अलर्ट, 600 से ज्यादा जवान तैनात



जिलेभर में 60 पेट्रोलिंग टीमें करेंगी लगातार गश्त, सोशल मीडिया पर रहेगी सख्त निगरानी

सूरजपुर।
होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सूरजपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले को अलर्ट मोड पर रखा गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

होली पर्व से पहले डीआईजी/एसएसपी ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए। प्रत्येक गांव, शहरी क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार पुलिस गश्त, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर और मजबूत आसूचना तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया।



600 से अधिक पुलिस बल तैनात, 60 पेट्रोलिंग पार्टियां रहेंगी सक्रिय

होली पर्व के दौरान जिले में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही 60 पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां पूरे जिले में लगातार भ्रमण कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। अफवाह फैलाने, भड़काऊ संदेश साझा करने या शांति भंग करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



नदी-तालाबों पर विशेष सतर्कता, यातायात नियमों पर सख्ती

होली के बाद बड़ी संख्या में लोगों के नदी-तालाबों में स्नान करने की संभावना को देखते हुए गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल से समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, शराब सेवन कर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।



होली शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील

डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिलेवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि त्योहार को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी पर जबरन रंग न लगाया जाए, केमिकल युक्त रंगों का उपयोग न करें, यातायात नियमों का पालन करें और नदी-तालाबों में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरती जाए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.