पूर्ण शराबबंदी की दिशा में पहल: पहाड़बछाली की महिला कमांडो टीम सम्मानित, ग्रामीणों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ

पूर्ण शराबबंदी की दिशा में पहल: पहाड़बछाली की महिला कमांडो टीम सम्मानित, ग्रामीणों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ

बिलासपुर जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “चेतना अभियान” के अंतर्गत 25 फरवरी 2026 को बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम कुरूवार में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में ग्राम पंचायत के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण माधुलिका सिंह, आईपीएस अधिकारी अंशिका जैन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नुपूर उपाध्याय (कोटा) विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीण महिला-पुरुषों और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणाम, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव तथा साइबर अपराधों से सुरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शराब और अन्य नशे की लत न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और पारिवारिक विवादों का भी प्रमुख कारण बनती है। ग्रामीणों को नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही साइबर ठगी के नए तरीकों—जैसे फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और ऑनलाइन लिंक फ्रॉड—से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को “गुड टच” और “बैड टच” के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपनी सुरक्षा को लेकर सजग रह सकें। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

  CG Crime News : - पटाखा फोड़ने को लेकर बरात में खूनी झड़प, बीच-बचाव कर रहे युवक पर चाकू से हमला, दो हिरासत में

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पहाड़बछाली की महिला कमांडो टीम रही। कुछ माह पूर्व गठित इस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से गांव में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप पहाड़बछाली को पूर्ण रूप से अवैध शराब मुक्त बनाने में सफलता मिली। इस सराहनीय कार्य के लिए उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने महिला कमांडो टीम को सम्मानित कर उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्रामीणों की मांग पर अधिकारियों ने जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में ग्राम कुरूवार की सरपंच ललिता पोर्ते, उपसरपंच, पंचगण, ग्राम पहाड़बछाली की सरपंच सुषमा सुनील करसायल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं-पुरुष और आसपास के गांवों के कोटवार उपस्थित रहे।

चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमंत सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। चेतना अभियान के इस आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला, वहीं अन्य ग्रामों के प्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.