
Janjgir-Champa Good Governance News:–
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिकों के अनुकूल बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जांजगीर-चांपा, 24 दिसंबर 2025।
जिले में 19 से 25 दिसंबर तक मनाए जा रहे सुशासन सप्ताह के तहत कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध सेवाएं प्रदान करना ही सुशासन का मूल मंत्र है और यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए। कार्यालयों में आने वाले आवेदकों की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनविश्वास को मजबूत करने की प्रक्रिया है। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा किए गए नवाचारों की जानकारी भी साझा की गई। ईडीएम सुनील साहू ने बताया कि कलेक्टर की विशेष पहल पर जिले में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा निर्माण मॉनिटरिंग पोर्टल की शुरुआत की गई है। यह पोर्टल प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाने के साथ-साथ आम जनता को सीधे विकास कार्यों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
इस पोर्टल के माध्यम से संबंधित निर्माण एजेंसियों को अपने कार्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करनी होगी, जिसमें कार्य का नाम, लागत, एजेंसी का विवरण और वर्तमान स्थिति शामिल रहेगी। इसका मुख्य उद्देश्य जनता को सशक्त बनाना है, जिससे नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए यह जान सकें कि उनके क्षेत्र में कौन-कौन से विकास कार्य स्वीकृत हैं। इससे प्रशासन और जनता के बीच पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा।
कार्यशाला में ई-ऑफिस प्रणाली, जेम पोर्टल, बायोमेट्रिक उपस्थिति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की ऑनलाइन भर्ती सॉफ्टवेयर और बीज निगम द्वारा संचालित चैम्प्स जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आरके तंबोली, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply