Janjgir-Champa News:– विधानसभा में उठी आबकारी विभाग की अवैध वसूली की गूंज, विधायक ने भ्रष्टाचार पर घेरा सरकार को


Janjgir-Champa News:– जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान शून्यकाल में जिले के आबकारी विभाग में हो रही कथित भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि जांजगीर-चांपा जिले का आबकारी विभाग अपने भ्रष्ट आचरण और अवैध वसूली को लेकर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।

विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि जिले के आबकारी विभाग में संचालित प्लेसमेंट कंपनी प्राइम वन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत एरिया मैनेजर चंद्रिका चंद्रा द्वारा गौरव शुक्ला नामक व्यक्ति के माध्यम से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की अवैध उगाही कराई जा रही है। इस संबंध में सहायक आयुक्त आबकारी जांजगीर, कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को लिखित शिकायत भी की जा चुकी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शराब दुकानों के संचालन से जुड़ी इसी प्लेसमेंट कंपनी के स्थानीय अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों से प्रतिमाह पांच से दस हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। यह आरोप स्वयं शराब दुकान के कर्मचारियों द्वारा लगाए गए हैं, जो पूरे मामले की गंभीरता को दर्शाता है।

विधायक ने सदन में कहा कि यह विषय प्रमुख समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद शिकायतों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना बेहद चिंताजनक है। कार्रवाई के अभाव में आम लोगों में निराशा का माहौल है और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ब्यास कश्यप ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले को विधानसभा में विभागीय मंत्री के संज्ञान में लाया है और अब विभाग की ओर से जवाब तथा दोषियों पर कार्रवाई का इंतजार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी विधानसभा सत्र में एक बार फिर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.