
Bilaspur News:– सकरी थाना क्षेत्र में गुम नाबालिग/युवती की तलाश में प्रारंभिक स्तर पर बरती गई ढिलाई पर एसएसपी रजनेश सिंह ने रविवार को अचानक थाने का औचक निरीक्षण किया। लापरवाही देखकर नाराज़ हुए एसएसपी की सख्ती और स्पष्ट निर्देशों के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और तेजी से कार्रवाई कर गुम युवती को सुरक्षित बरामद किया गया।
बिलासपुर। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना में , लंबित मामलों और केस डायरी की बारीकी से समीक्षा की। विशेष ध्यान गुम इंसान—खासतौर पर नाबालिग और युवतियों—से जुड़े प्रकरणों पर रखा गया। समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि गुम युवती की खोज में विवेचक अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे थे। इस पर एसएसपी ने प्रधान आरक्षक रवि लहरे और एसआई राजकुमार वस्त्रकार को कड़ी फटकार लगाई और निंदा की सजा सुनाई।
एसएसपी की नाराज़गी के बाद विवेचक हरकत में आए। तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय सूचना तंत्र और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर गुम युवती का पता लगाया गया। प्रयास सफल रहे और युवती को सुरक्षित बरामद किया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
निरीक्षण के दौरान थाने में रिकॉर्ड संधारण और सीसीटीएनएस में नियमित अपडेट के लिए प्रभारी लक्ष्मी नेताम की सराहना की गई थी । पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन कार्यों के लिए रीडर धरमवीर सिंह की समीक्षा भी की गई। किसी भी प्रकरण में लंबित नहीं पाए जाने पर दोनों कर्मचारियों को इनाम देकर प्रोत्साहित किया गया।
निरीक्षण के अंत में एसएसपी रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी विजय चौधरी को निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों पर सख्त कार्रवाई करें, लंबित प्रकरण शीघ्र निपटाएं और अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखें।
एसएसपी की नाराज़गी और औचक निरीक्षण का परिणाम स्पष्ट रहा—पुलिस सक्रिय हुई और गुम युवती सुरक्षित बरामद हुई।

Leave a Reply