Bilaspur News:–इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग, एक मजदूर झुलसा, दूसरा लापता, दूर-दूर तक दिखा धुएं का गुबार

Bilaspur News:– बिलासपुर के सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तारपीन तेल के टैंकर के पास किसी ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आने से आग भड़की। इस हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि एक अन्य कर्मचारी आग की चपेट में आने के बाद लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

Bilaspur बिलासपुर।
बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में दोपहर के समय आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि चारों ओर काले धुएं का घना गुबार फैल गया और ऊंची-ऊंची लपटें काफी दूर से नजर आने लगीं। आगजनी की इस घटना में एक मजदूर झुलस गया, जबकि दूसरा मजदूर अभी भी आग में फंसा होने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर-डी में स्थित इस फैक्ट्री में आग फैलते ही अफरा-तफरी मच गई।

आग की चपेट में आकर फैक्ट्री के गोदाम में रखा फर्नीचर, लकड़ी, प्लाई और मशीनें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हादसे में रितेश नामक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल एंबुलेंस के जरिए सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं अभिजीत सूर्यवंशी नामक फैक्ट्री कर्मचारी आग की लपटों के बीच लापता हो गया है। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।

  साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे बॉक्सिंग टीम ने रचा स्वर्णिम इतिहास

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने से पहले फैक्ट्री परिसर में धुआं उठता हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद तारपीन तेल के टैंकर वाले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के दौरान कई तेज धमाकों की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आसपास का इलाका गूंज उठा।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लकड़ी की पॉलिश और अन्य कार्यों के लिए तारपीन तेल का उपयोग किया जाता था, जो अत्यंत ज्वलनशील होता है। इसके भंडारण के लिए फैक्ट्री में एक विशेष टैंकर बनाया गया था। सबसे पहले इसी टैंकर से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील चिंगारी के संपर्क में आने से आग लगी होगी।

आग की तेज लपटों और काले धुएं के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। एहतियातन प्रशासन ने आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों को भी खाली करवा दिया है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और क्षेत्र की घेराबंदी कर आग पर काबू पाने की कोशिशें लगातार जारी हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.