
Raipur रायपुर।छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने आखिरकार राज्य सेवा परीक्षा 2025 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस साल आयोग 17 अलग–अलग विभागों में कुल 238 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित करेगा। इनमें नायब तहसीलदार के 51 पद सबसे अधिक हैं, जबकि डिप्टी कलेक्टर के 14 और डीएसपी के 28 पद भी शामिल हैं।
आवेदन की तिथियां:
फॉर्म भरने की ऑनलाइन प्रक्रिया 1 दिसंबर दोपहर 12 बजे से शुरू होगी और 30 दिसंबर रात 11:59 बजे तक चलेगी। उम्मीदवार CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.gov.in के माध्यम से आवेदन कर पाएंगे। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को आवेदन शुल्क नहीं देना होगा, जबकि अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क अनिवार्य रहेगा।
त्रुटि सुधार:
आवेदन में गलती सुधारने का मौका भी मिलेगा।
– बिना शुल्क: 31 दिसंबर दोपहर 12 बजे से 2 जनवरी रात 11:59 तक
– 500 रुपए शुल्क के साथ: 3 जनवरी दोपहर 12 बजे से 5 जनवरी रात 11:59 तक
परीक्षा कब होगी?
प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को राज्य के सभी 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
– पहली पाली: सुबह 10 बजे से 12 बजे
– दूसरी पाली: दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे
मुख्य परीक्षा के लिए आयोग ने 16, 17, 18 और 19 मई की संभावित तारीखें तय की हैं।
अर्हता और परीक्षा केंद्र:
प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा, दोनों में न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स तय किए गए हैं—
– 33% अनारक्षित वर्ग
– 23% आरक्षित वर्ग
मुख्य परीक्षा का आयोजन सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और रायपुर में होगा।
चयन प्रक्रिया:
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों को 3 साल की परिवीक्षा अवधि पर नियुक्ति दी जाएगी। नोटिफिकेशन में योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण से लेकर पाठ्यक्रम तक सभी जानकारी विस्तार से उपलब्ध है।
