CG:– महिला आरक्षक के कपड़े फाड़ने वाले मुख्य आरोपी का निकला जुलूस, चेहरे पर लिपस्टिक, जूतों की माला और सड़क पर उठक–बैठक

CG:– महिला आरक्षक के साथ मारपीट, बदसलूकी और अमानवीयता की सारी हदें पार करने वाले रायगढ़ बलवा कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश किए जाने से पहले पुलिस ने आरोपी का पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी के चेहरे पर लिपस्टिक पोती गई, गले में चप्पलों की माला पहनाई गई और बीच सड़क पर उससे उठक–बैठक करवाई गई। पुलिस ने आरोपी से “वर्दी फाड़ना पाप है” और “पुलिस हमारी बाप है” जैसे नारे भी लगवाए।

Raigarh रायगढ़। रायगढ़ जिले में हुए बलवा कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय ले जाने से पहले सिग्नल चौक से पैदल रैली निकाली गई। इस दौरान आरोपी के मुंह पर लिपस्टिक पोत दी गई और गले में जूतों की माला पहनाकर सड़क पर कान पकड़कर उठक–बैठक करवाई गई। अब तक इस मामले में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

दरअसल, 27 दिसंबर को तमनार क्षेत्र में जिंदल ग्रुप के कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। विरोध के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और मौके पर मौजूद पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हिंसा में महिला थाना प्रभारी कमला पुसाम के साथ भी मारपीट की गई।

इसी दौरान एक महिला आरक्षक भागते समय खेत में गिर गई। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने महिला आरक्षक के कपड़े फाड़ दिए और पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। वीडियो में महिला आरक्षक कपड़े संभालते हुए छोड़ देने की गुहार लगाती नजर आई, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। उल्टा, महिला आरक्षक को चप्पल दिखाकर अपमानित किया गया।

  अन्तर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ़्तार, पुलिस चेकिंग से बचने कार में छ.ग. के फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल

घटना का वीडियो सामने आते ही प्रदेशभर में आक्रोश फैल गया। महिला पुलिसकर्मी के साथ की गई इस बर्बरता की तीखी आलोचना हुई। दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू की।

पहले चरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब इन्हें अदालत ले जाया जा रहा था, तब महिला पुलिसकर्मियों ने पुलिस वाहन को घेरकर आरोपियों को अपने हवाले करने की मांग करते हुए विरोध किया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

दूसरे चरण में तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। अब पुलिस ने छठवें और मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले में कुल 10 आरोपी शामिल थे, जिनमें से बाकी की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मुख्य आरोपी का नाम चित्रसेन साव बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने उसे सिग्नल चौक से न्यायालय तक पैदल जुलूस के रूप में ले जाया। इस दौरान उसके चेहरे पर चारों तरफ लिपस्टिक पोती गई, चप्पलों की माला पहनाई गई और बीच सड़क पर उठक–बैठक करवाई गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपी:–

मंगल राठिया, प्रेमसिंह राठिया, वनमाली राठिया, कीर्ति श्रीवास, चिनेश खमारी — सभी निवासी आमगांव।