जमीन विवाद में शिक्षक की निर्मम हत्या, गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में लगाई आग

बलरामपुर, 20 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में पैतृक जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। स्कूल पढ़ाने जा रहे एक शिक्षक की उनके ही दो चचेरे भाइयों ने दिनदहाड़े चाकू और हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, हालात पर काबू पाया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के राधानगर गांव की है। मृतक शिक्षक जयकरन जगत सोमवार सुबह रोज की तरह बाइक से स्कूल के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन और हरिमोहन ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। गर्दन पर गंभीर चोट लगने से शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

  पुलिस की तत्परता से बड़ी घटना टली, धारदार चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार!

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे और खेती को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार को गांव में इस मामले को लेकर बैठक भी हुई थी, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका। अगले ही दिन यह विवाद खूनी वारदात में बदल गया।

त्रिकुंडा थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि हत्या के दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की मुख्य वजह जमीन विवाद सामने आई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.