Bilaspur News:– चलती थार में अचानक लगी आग, अग्रसेन चौक पर मचा हड़कंप, आधे घंटे तक ठप रहा ट्रैफिक

Bilaspur News:– चलती थार में अचानक लगी आग, अग्रसेन चौक पर मचा हड़कंप, आधे घंटे तक ठप रहा ट्रैफिक

Bilaspur News:– दिवाली की रौनक के बीच शुक्रवार की शाम बिलासपुर के अग्रसेन चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चलती थार में अचानक आग लग गई। वाहन के बोनट से धुआं और लपटें उठती देख मौके पर हड़कंप मच गया। चौराहे पर तीनों दिशाओं से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक थार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि शाम करीब 6 बजे के आसपास सीएमडी चौक की ओर से अग्रसेन चौक की ओर आ रही थार में अचानक आग लगी। बोनट से धुआं उठते ही चालक ने गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और जैसे ही नीचे उतरा, वाहन के सामने के हिस्से में आग तेजी से फैल गई। कुछ ही सेकंड में थार पूरी तरह लपटों से घिर गई। यह नजारा देखकर आसपास के लोग घबरा गए। त्योहार के कारण पहले से ही व्यस्त चौराहे पर भीड़ और वाहनों की रफ्तार थम गई।

पुलिस ने तत्काल ट्रैफिक डायवर्ट किया और भीड़ को पीछे हटाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी की बौछारों से आग पर काबू पाया। सौभाग्य से हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह जल गया।

दुकानदारों में दहशत, बाजार में अफरा-तफरी
अग्रसेन चौक पर त्योहार के कारण उस समय भारी भीड़ थी। अचानक लगी आग से दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर दूर भाग गए, वहीं आसपास के वाहन चालक अपने वाहन हटाने में जुट गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया और यातायात बहाल किया गया।

पुलिस का कहना है कि आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। वाहन को जब्त कर जांच की जा रही है। त्योहार के बीच हुए इस हादसे ने कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.