बिलासपुर में लूट आरोपियों की सुरक्षा के दौरान आरक्षक से चली गोली एसएसपी ने आरक्षक को किया निलंबित


बिलासपुर। लूट के आरोपियों की सुरक्षा में तैनात एक सशस्त्र आरक्षक की लापरवाही से थाने के अंदर अचानक गोली चल गई, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में 17 फरवरी को हुई लूट की घटना के आरोपियों को पुलिस ने मिर्जापुर सहित अन्य स्थानों से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की सुरक्षा के लिए सरकंडा थाना में पदस्थ आरक्षक नवल तिवारी की ड्यूटी लगाई गई थी।

सोमवार सुबह करीब सात बजे आरक्षक नवल तिवारी ड्यूटी पर पहुंचे और मुंशी से एसएलआर राइफल प्राप्त की। बताया जा रहा है कि उन्होंने सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किए बिना मैग्जीन निकाले ही हथियार की ड्रिल शुरू कर दी। इसी दौरान ट्रिगर दबते ही अचानक गोली चल गई और जोरदार आवाज से थाना परिसर गूंज उठा। गोली ऊपर की दिशा में चली, जो थाने में लगे पंखे की ब्लेड को छूते हुए छत में जा धंसी। गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी तत्काल मौके पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए लापरवाही बरतने पर आरक्षक नवल तिवारी को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने बताया कि ड्यूटी परिवर्तन के दौरान हथियार की जांच प्रक्रिया अनिवार्य होती है, लेकिन आरक्षक द्वारा सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह घटना हुई।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.