
Bilaspur News:– सड़कों पर मवेशियों के कत्ल की उस काली रात का रहस्य आखिर खुल ही गया! 14 जुलाई की आधी रात बारीडीह मेन रोड पर 20 मवेशियों को रौंदकर फरार हुआ ट्रेलर चालक पुलिस के शिकंजे में आ चुका है। तकनीकी टीम की दिन-रात की भागदौड़ और मनेन्द्रगढ़ में दबिश के बाद न केवल आरोपी पकड़ा गया, बल्कि उसका ट्रेलर भी जप्त कर लिया गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 13 मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 4 अब भी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
Bilaspur News:– बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में बारीडीह मेन रोड पर 14 जुलाई 2025 की मध्यरात्रि को हुई दर्दनाक घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मवेशियों को कुचलने वाले ट्रेलर वाहन को जप्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में 13 मवेशियों की मौके पर मौत हो गई थी और 4 मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना का विवरण
ग्राम पंचायत बारीडीह के सरपंच अशोक मरकाम ने 15 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पेट्रोल पंप के आगे मेन रोड पर लगभग 20 मवेशी बैठे थे। इसी दौरान अज्ञात ट्रेलर चालक ने तेज और लापरवाह तरीके से वाहन चलाकर मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 13 मवेशी मौके पर ही मर गए और 4 घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया था।
पुलिस की खोजबीन और सफलता
वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद उनके निर्देश पर थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में रतनपुर थाना की टेक्निकल टीम ने लगातार दिन–रात पतासाजी की। अथक प्रयासों के बाद घटना में प्रयुक्त ट्रेलर क्रमांक CG 15EE 2220 का लोकेशन मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी में मिला। वहां दबिश देकर आरोपी चालक रविकांत महरा (43 वर्ष, निवासी लोहसरा बिजुरी, थाना बिजुरी, जिला अनुपपुर, म.प्र.) को गिरफ्तार करते हुए वाहन को जप्त कर लिया गया।
जांच टीम में योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान, प्र.आर. गजेन्द्र सिंह, आर. कीर्ति पैकरा, शशीकांत कौशिक और पंचराम रजक का विशेष योगदान रहा।
