
Bilaspur News:– बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम सोन स्थित प्राइमरी स्कूल में शिक्षक विश्वकर्मा प्रसाद कश्यप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में वह नशे की हालत में क्लासरूम में बैठे दिखाई दे रहे हैं और बच्चों व महिला शिक्षकों के सामने अपनी शर्ट उतारकर कुर्सी पर बैठ गए।
स्थानीय लोगों और स्कूल के कर्मचारियों ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है। शिक्षक अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं और बच्चों व सहकर्मियों के साथ गाली-गलौज या मारपीट करते हैं। 14 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे भी यही स्थिति रही। शिक्षक ने पहले अन्य शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार किया और फिर बच्चों और महिला शिक्षकों के सामने अपनी शर्ट उतारकर कुर्सी पर बैठ गए।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक इतनी नशे में थे कि बोलने में दिक्कत हो रही थी और उनकी जुबान लड़खड़ा रही थी।
शिक्षा विभाग ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि वीडियो की सच्चाई की जांच की जा रही है और दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
