Raipur Accident News:– ट्रक की चपेट में आया बाइक सवार श्रमिक, बुजुर्ग माता–पिता, पत्नी और तीन बच्चों का सहारा खत्म

Raipur Accident News:– ट्रक की चपेट में आया बाइक सवार श्रमिक, बुजुर्ग माता–पिता, पत्नी और तीन बच्चों का सहारा खत्म

Raipur रायपुर। सिलतरा औद्योगिक एरिया स्थित अविनाश लॉजिस्टिक पार्क में शनिवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दस चक्का ट्रक ने बाइक सवार श्रमिक को कुचल दिया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि अस्पताल ले जाते समय ही उसकी सांसें थम गईं। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक बोधीराम चौहान (33 वर्ष), पिता हेमलाल चौहान, ग्राम बिछिया सरायपाली का निवासी था। वह पिछले करीब तीन साल से सिलतरा स्थित श्रीराम प्लास्ट (पाइप निर्माण इकाई) में मजदूर के रूप में काम कर रहा था।

बताया गया है कि शनिवार शाम वह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 CT 8965) से किसी जरूरी काम से फैक्ट्री परिसर से बाहर निकला था। इसी दौरान ट्रक (क्रमांक CG 04 J 5043) ने उसे टक्कर मार दी और वह उसकी चपेट में आ गया। जोरदार टक्कर से उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। फैक्ट्री के सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटर ने तत्काल उसे शहीद योगेंद्र शर्मा शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

  CG News : एनीकट में चप्पल के पीछे छलांग, खारंग की लहरों में गायब हुआ 11वीं का छात्र तलाश जारी..

परिवार पर टूटा दुःखों का पहाड़:–

फैक्ट्री सुपरवाइजर चंद्रा महिलांगे ने बताया कि बोधीराम दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई की भी कुछ वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद से पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।

मृतक अपने 62 वर्षीय माता गणेशी बाई चौहान और 69 वर्षीय पिता हेमलाल चौहान का इकलौता सहारा था। इस हादसे ने वृद्ध माता–पिता को असहाय स्थिति में ला खड़ा किया है।

वहीं उसकी पत्नी पद्मिनी चौहान (30 वर्ष) और तीन छोटे बच्चे—करुणा (8 वर्ष), खिलेश्वरी (6 वर्ष) और लगभग 3 वर्षीय रोहन—अचानक आई इस त्रासदी से गहरे सदमे में हैं और उनके सिर से कमाने वाले का साया उठ गया है।

पुलिस ने शव रखवाया चीरघर में:–

धरसींवा पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर में सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और तत्पश्चात अंतिम संस्कार हेतु शव सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.