CG Crime News:– डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 57 लाख की ठगी, यूपी से अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

CG Crime News:– डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 57 लाख की ठगी, यूपी से अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

CG Crime News: मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में फंसाने और डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर 57 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सदस्य को रेंज साइबर थाना की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा गया है। ठगी के लिए वह वर्चुअल मोबाइल नंबर और फर्जी बैंक खातों का उपयोग करता था।

बिलासपुर। डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के एक आरोपी को रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से दबोचा है। आरोपी वर्चुअल नंबर और व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ठगी को अंजाम देता था।

यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना से जांच के लिए भेजे गए एक प्रकरण में की गई, जिसमें पीड़ित से कुल 57 लाख रुपये की साइबर ठगी सामने आई है।

रेंज साइबर थाना पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक निवासी को अज्ञात आरोपियों ने वर्चुअल और फर्जी मोबाइल नंबरों से कॉल किया। कॉल करने वाले ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा अधिकारी बताते हुए मनी लॉन्ड्रिंग केस में नाम आने की बात कही और डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया। मामले को “सेटल” करने के नाम पर आरोपी ने पीड़ित से अलग-अलग खातों में कुल 57 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

फर्जी सिम, वर्चुअल नंबर और बैंक खातों का जाल
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी के लिए फर्जी सिम कार्ड, वर्चुअल मोबाइल नंबर और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। ठगी से प्राप्त रकम को निकालने के लिए सोशल मीडिया पर प्रचारित लेगेसी लोन नामक एप का सहारा लिया जाता था, जिसके जरिए आम लोगों को लोन बांटने के नाम पर रकम आहरित की जाती थी।

दिल्ली-यूपी में दबिश, तीन दिन की पत्तासाजी के बाद गिरफ्तारी
साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से जुड़े होने के सुराग मिले। इसके बाद साइबर टीम को दिल्ली और यूपी रवाना किया गया। करीब तीन दिन की पत्तासाजी के बाद पुलिस ने शिकारपुर, बुलंदशहर निवासी मनिंदर सिंह (54 वर्ष) को हिरासत में लिया।

कंपनी के खाते में मंगवाता था ठगी का पैसा
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मनी लॉन्ड्रिंग, ड्रग पार्सल जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करता था। उसने बताया कि कमीशन के लालच में वह अपनी कंपनी शिकारपुरिहा रियालिटी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित करंट अकाउंट में ठगी की रकम मंगवाता था और फिर उसे निकालने का काम करता था। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.