Korba News:– चरित्र सत्यापन के नाम पर अवैध वसूली, एसपी कार्यालय के प्रधान आरक्षक पर कार्रवाई, निलंबित

Korba News:– चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र जारी करने के बदले पैसे मांगने का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है। शिकायत की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक ने प्रधान आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

Korba कोरबा। पुलिस महकमे में ईमानदारी पर सवाल खड़ा करने वाले इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, एसपी कार्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक सूर्यकांत द्विवेदी पर आरोप है कि उन्होंने चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र तैयार करने के एवज में 1,000 रुपये की मांग की थी। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निलंबन के आदेश जारी किए।

मामले की शिकायत 20 दिसंबर को की गई थी। शिकायतकर्ता दीपक साहू (21 वर्ष), निवासी पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी ढ़ोढीपारा, सिविल लाइन थाना क्षेत्र, ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत में बताया गया कि वह रायगढ़ एनटीपीसी लारा में हाइड्रा संचालन से जुड़ा हुआ है और गेट पास के नवीनीकरण के लिए उसे पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी।

  Raipur ब्रेकिंग: जमीन विवाद में चली गोली, पुलिस ने आरोपी को धर- दबोचा

दीपक साहू के अनुसार, इसी प्रक्रिया के तहत जब उसने प्रधान आरक्षक सूर्यकांत द्विवेदी से संपर्क किया, तो उससे प्रमाण पत्र जल्द बनाकर देने के बदले 1,000 रुपये की मांग की गई। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए युवक ने बिना देर किए पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि विभाग में किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के मामलों में कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।