Chhatisgarh Vidhansabha Winter Session 2025:– विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज से शुभारंभ, ध्यानाकर्षण सहित पहले दिन मुख्यमंत्री और चार मंत्री देंगे जवाब

Chhattisgarh Vidhansabha Winter Session 2025:– विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्री रामविचार नेताम, लखन लाल देवांगन, लक्ष्मी राजवाड़े और खुशवंत साहेब अपने–अपने प्रभार वाले विभागों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर सदन में देंगे।

Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय शिवराज पाटिल के निधन पर शोक प्रस्ताव के साथ होगी, जिसके बाद सदन में प्रश्नकाल और अन्य संसदीय कार्यवाही संपन्न की जाएगी।

पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लोक आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन विधानसभा पटल पर प्रस्तुत करेंगे। गृह मंत्री विजय शर्मा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखेंगे। मंत्री रामविचार नेताम अनुसूचित जाति आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे। मंत्री केदार कश्यप छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी आवास संघ का वित्तीय पत्रक सदन के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे। वहीं मंत्री टंकराम वर्मा छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, सुंदर लाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन सदन पटल पर प्रस्तुत करेंगे।

  कलेक्टर लंगेह ने अधिकारी-कर्मचारियों को दिलाई मतदाता शपथ

मानसून सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्नों के जो उत्तर लंबित रह गए थे, उन्हें भी आज सदन में रखा जाएगा। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत विधायक विक्रम मंडावी बस्तर संभाग में भू–माफियाओं द्वारा आदिवासियों की जमीन खरीदी के मामले को लेकर राजस्व मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं विधायक शकुंतला पोर्ते प्रदेश में हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों और निजी अस्पतालों द्वारा क्लेम सेटलमेंट व कैशलेस सुविधा में की जा रही अनियमितताओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगी।

इसके अलावा विधायक कुंवर सिंह निषाद गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी तीन याचिकाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक भावना बोहरा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत करीब दर्जनभर याचिकाओं को सदन पटल पर रखेंगी।

सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री और मंत्रियों से फसल बीमा योजना, बेरोजगारों को रोजगार, महतारी वंदन योजना, रेडी टू ईट योजना, आईएएस–आईपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई, प्रदेश के उद्योगों में बीते दो वर्षों में हुई मौतों, आईटीआई में रिक्त पदों, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति, फसल बीमा में गड़बड़ी, हाईकोर्ट की खंडपीठ तथा सीएसआर मद से कराए गए कार्यों को लेकर सवाल पूछे गए हैं।