
रायपुर। फिट इंडिया थीम को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के 25वीं रजत महोत्सव के अवसर पर राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन पंडित रविशंकर यूनिवर्सिटी फिजिकल डिपार्टमेंट स्टेडियम रायपुर में विगत 12 अक्टूबर रविवार को किया गया। इस अवसर पर जिम्नेजियम हॉल में कराटे स्पोर्ट्स कुमिते और काता चैंपियनशिप का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसी तारतम्य में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन कराटे चैंपियनशिप में जांजगीर-चांपा जिले के पुटपुरा गांव की बेटी गरिमा राठौर (पिता चुन्नीलाल राठौर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कराटे चैंपियनशिप में प्रथम स्थान (गोल्ड मेडल) और काता चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान (सिल्वर मेडल) हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को स्पेशल मेडल एवं सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। वहीं प्रत्येक ग्रुप में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ी को दिल्ली में आयोजित होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में निःशुल्क रजिस्ट्रेशन के साथ भाग लेने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा सभी टीमों को टीम ट्रॉफी दी गई तथा कोच और ऑफिशियल्स को मोमेंटो और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि यह प्रतियोगिता राज्य के युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक और फिट इंडिया के उद्देश्य से प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
