डीएवी पब्लिक स्कूल में “रन फॉर डीएवी” मैराथन का हुआ भव्य आयोजन

डीएवी पब्लिक स्कूल में “रन फॉर डीएवी” मैराथन का हुआ भव्य आयोजन

बिलासपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट के तत्वावधान में “रन फॉर डीएवी” मैराथन का आयोजन बड़े उत्साह और जोश के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल भावना के साथ राष्ट्रपिता के आदर्शों को याद किया।

मैराथन प्रतियोगिता में कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिन्हें दो समूहों में विभाजित किया गया था। समूह 1 के लिए 2 किलोमीटर और समूह 2 के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ तय की गई। दौड़ का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिलासपुर तहसीलदार श्री प्रकाश कुमार साहू और समाजसेवी एवं पूर्व उपसरपंच डॉ. एफ. एल. साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि श्री प्रकाश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सादगी, अनुशासन और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि इससे जीवन में आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है।

विद्यालय के प्राचार्य श्री अमित कुमार ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डीएवी विद्यालय हमेशा से शिक्षा के साथ-साथ खेल और संस्कारों पर भी विशेष ध्यान देता है।

कार्यक्रम के सफल संचालन में खेल शिक्षक महेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही शिक्षकगण सुधांशु जायसवाल, रवि सिंगौर, विक्रम कुमार, रूपेश श्रीवास, पूरन दास, वर्षा डड़सेना, दिव्या टंडन, आर्या पांडेय और नेहा साहू ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

मैराथन में शामिल छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ पूरी की। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को विद्यालय प्रशासन द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और गांधीजी के आदर्शों के अनुरूप अनुशासन एवं आत्मसंयम का संदेश देना था। विद्यालय परिसर में “रन फॉर डीएवी” का माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी रहा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.