Bilaspur News:– पुलिसकर्मी सोते रह गए, पॉक्सो आरोपी हथकड़ी छुड़ाकर थाने से भाग निकला

Bilaspur News:– नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में गिरफ्तार युवक पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर थाने से फरार हो गया। आरोपी को कोर्ट ले जाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही उसने हथकड़ी निकाल दी और चकमा देकर भाग गया। उस समय थाने में तैनात पुलिसकर्मी गहरी नींद में थे।

Bilaspur बिलासपुर। कोनी थाना में पुलिस की बड़ी चूक सामने आई है। पॉक्सो एक्ट सहित अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर आरोपों में पकड़ा गया स्वरित सिंह (20) निवासी गार्डन सिटी, मोपका, थाना सरकंडा हथकड़ी खोलकर पुलिस अभिरक्षा से भाग गया। जब आरोपी भागा, उस वक्त ड्यूटी पर मौजूद जवान नींद में सो रहे थे। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

नाबालिग की शिकायत पर केस, फिर गिरफ्तारी
कोनी थाना क्षेत्र की एक नाबालिग ने आरोपी पर बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। गुरुवार दोपहर एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने दबिश देकर शाम को ही आरोपी को पकड़ लिया।

थाने में रखवाली कमजोर, आरोपी ने पाया मौका
गिरफ्तारी के बाद स्वरित सिंह को रातभर थाने में रखा गया। उसकी निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक रविशंकर जगत और प्रदीप पाव पर थी। लेकिन ड्यूटी के दौरान दोनों पुलिसकर्मी सो गए। इसी बीच सुबह करीब 4 बजे आरोपी ने हथकड़ी सरकाई और थाने से फरार हो गया।

सुबह फैली अफरा-तफरी
जैसे ही ड्यूटी स्टाफ को फरारी की खबर लगी, अधिकारियों को सूचना दी गई। थाना प्रभारी राहुल तिवारी ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कराया, लेकिन अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है।

फरारी का केस दर्ज, कार्रवाई पर सस्पेंस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभिरक्षा से भागने का नया अपराध दर्ज किया है और उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। हालांकि, लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
हथकड़ी में जकड़े आरोपी का थाने से इतनी आसानी से फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। आम लोग अब पूछ रहे हैं कि क्या थाने की चौकसी सिर्फ कागज़ों में ही रह गई है?

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.