
Bilaspur News:–बिलासपुर पुलिस ने एसएसपी रजनेश सिंह की अगुवाई में ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। जुलाई महीने में चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने 151 गुमशुदा बच्चों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया। एसएसपी के निर्देश पर टीमों को देश के कई राज्यों में रवाना किया गया, जहां से बच्चों को सुरक्षित लाकर घर पहुंचाया गया। इस उपलब्धि के साथ बिलासपुर प्रदेश में बच्चों की दस्तयाबी में सबसे आगे रहा है।
Bilaspur News:–बिलासपुर। जिले में चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने जुलाई महीने में 151 गुमशुदा बच्चों को दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया है। इन बच्चों में 14 बालक और 137 बालिकाएं शामिल थीं, जिनकी उम्र 6 से 9 वर्ष के बीच थी। पुलिस की अलग–अलग टीमों को देश के विभिन्न राज्यों में रवाना किया गया था, जहां से गुमशुदा बच्चों को खोजकर वापस लाया गया।
एएसपी अर्चना झा ने जानकारी दी कि पुलिस मुख्यालय नया रायपुर के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ऑपरेशन मुस्कान चलाया गया। बिलासपुर जिले में इस अभियान को गंभीरता से अमल में लाया गया, जिसके तहत एक जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब जैसे राज्यों और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में टीमें भेजी गईं।
अभियान के दौरान पुलिस ने बालक–बालिकाओं की दस्तयाबी कर उन्हें सुरक्षित उनके स्वजनों के हवाले किया। इस कार्रवाई के जरिए बिलासपुर जिला पूरे प्रदेश में सबसे अधिक बच्चों को खोजने वाला जिला बन गया है।
जून महीने में भी ऑपरेशन तलाश के तहत 1,056 गुमशुदा महिलाओं और पुरुषों की पुलिस ने दस्तयाबी की थी। यानी, दो महीनों के भीतर बिलासपुर पुलिस ने 1,200 से ज्यादा गुमशुदा लोगों को उनके परिजनों से मिलाया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने अभियान में लगे पुलिस अधिकारियों–कर्मचारियों की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि, “मानवीय संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिले की पुलिस ने यह सफलता अर्जित की है, यह पूरी टीम के समर्पण का परिणाम है।”
